बालोद , दिसंबर 18 -- छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) का एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार यह हादसा बालोद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दानीटोला बस स्टैंड के सामने रात करीब आठ बजे हुआ जब लौह अयस्क से लदे तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। इसकी सूचना गुरुवार सुबह मीडिया को मिली।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कुसुमकसा निवासी नितीश कुमार (24) और बीएसएफ जवान कामेश्वर तुमरेकी (37) दुर्ग से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान भानुप्रतापपुर की ओर से रायपुर जा रहे लौह अयस्क से लदे ट्रक ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि नितीश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल जवान कामेश्वर तुमरेकी को राहगीरों की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने घटनास्थल पर करीब दो घंटे तक चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों ने स्कूल के पास स्पीड ब्रेकर और सीसीटीवी कैमरा लगाए जाने की मांग की। साथ ही मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग भी की गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और समझाने बुझाने के बाद चक्काजाम समाप्त कराया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित