बालोद , जनवरी 31 -- छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक वन्यजीव हादसा सामने आया। बालोद-दल्लीराजहरा रेलखंड पर भैंसबोड़ रेलवे क्रॉसिंग के समीप ट्रेन की चपेट में आने से एक मादा चीतल की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना सुबह करीब 5 बजे की बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चीतलों का एक झुंड रेलवे ट्रैक पार कर रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार मालगाड़ी की चपेट में आने से एक मादा चीतल बुरी तरह कट गई, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य चीतल जंगल की ओर भाग निकले।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मृत चीतल को कब्जे में लेकर पशु चिकित्सकों से पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोपहर करीब 1 बजे बालोद शहर स्थित बैरियर वन डिपो परिसर में विधिवत अंतिम संस्कार किया गया।
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार मृत मादा चीतल की उम्र लगभग 5 वर्ष थी। भैंसबोड़ क्षेत्र का जंगल हिरण, कोटरी और चीतल जैसे वन्यजीवों के लिए अनुकूल माना जाता है। इस क्षेत्र में चीतलों के कई झुंड निवास करते हैं, जो जलाशयों तक पहुंचने के लिए अक्सर रेलवे ट्रैक पार करते हैं। इसी कारण इस तरह की दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
वन विभाग ने रेलवे ट्रैक के आसपास सतर्कता बढ़ाने और वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर आवश्यक कदम उठाने की आवश्यकता जताई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित