रायपुर , अप्रैल 10 -- छत्तीसगढ़ के बालोद और कवर्धा जिलों में गुरुवार शाम हुए अलग-अलग तीन सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गयी और कई अन्य घायल हो गये। पुलिस को गुरुवार देर रात यह जानकारी मिली। पुलिस ने बताया इन दर्दनाक हादासों में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। हादसों के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

पहली घटना बालोद जिले के पुरूर थाना क्षेत्र अंतर्गत उसरवारा गांव के पास एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में फूलचंद धुरू (30 वर्ष) और लोकेश मंडावी (40 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका अस्पताल में इलाज जारी है। तीनों युवक पुरूर बाजार से गांव लौट रहे थे। घटना के बाद पुलिस ने ट्रैक्टर चालक को गिरफ्तार कर लिया है।

दूसरी घटना जिले में दुर्ग से दल्लीराजहरा जा रही पायल ट्रेवल्स की यात्री बस का स्टेरिंग फेल होने के कारण अनियंत्रित होकर रेलवे ट्रैक के पास करीब 30 फुट गहरी खाई में जा गिरी। बस में 20 से 30 यात्री सवार थे। हादसे में कई यात्री घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना कुसुमकसा और जमही टोल प्लाजा के बीच की बताई जा रही है। हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।

तीसरी घटना कवर्धा जिले के पोंडी-बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग 130ए पर एक तेज रफ्तार अज्ञात कार ने मोटरसाइकिल सवार को टक्कर मार दी। हादसे में मध्य प्रदेश के डिंडोरी निवासी नरेन्द्र की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी चालक फरार हो गया।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए वाहन की तलाश शुरू कर दी है। मामला पोंडी चौकी क्षेत्र के ग्राम सिल्हाटी का है।

बालोद में बस हादसे को लेकर पूर्व उप मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता टी.एस. सिंहदेव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने लिखा कि बस का स्टेरिंग फेल होकर खाई में गिरना अत्यंत चिंताजनक है और हादसे में घायल यात्रियों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

तीनों घटनाओं के बाद पुलिस अलग-अलग एंगल से जांच कर रही है। वहीं लगातार हो रहे सड़क हादसों ने सुरक्षा व्यवस्था और यातायात नियमों पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित