बालोद , फरवरी 20 -- छत्तीसगढ़ के बालोद जिला मुख्यालय में गुरुवार रात कलेक्टोरेट परिसर के पास झाड़ियों में एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला।
मृतक की पहचान झलमला निवासी 42 वर्षीय सुनील मिश्रा के रूप में हुई है, जो आदमाबाद स्थित रेस्ट हाउस में पूर्व में चौकीदार था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुनील मिश्रा मंगलवार से लापता थे। गुरुवार शाम उनका शव सिवनी कलेक्टोरेट से सटे तांदुला ईको टूरिज्म रिसॉर्ट, आदमाबाद के पास झाड़ियों में पड़ा मिला। शव की स्थिति अत्यंत गंभीर थी। जंगली जानवरों द्वारा चेहरे को क्षति पहुंचाए जाने के कारण प्रारंभिक पहचान में कठिनाई हुई। बाद में मृतक के बड़े भाई सुशील मिश्रा ने कपड़ों और कद-काठी के आधार पर शिनाख्त की पुष्टि की।
सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर, फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम तथा बालोद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल की घेराबंदी कर साक्ष्य एकत्रित किए गए। पुलिस को शव के पास से कीटनाशक की एक शीशी और शराब की बोतल बरामद हुई है।
प्रारंभिक जांच में जहरीले पदार्थ के सेवन की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
शव को आज दोपहर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।
परिजनों के अनुसार, मृतक पिछले कुछ समय से गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे और शारीरिक स्थिति को लेकर मानसिक तनाव में रहते थे। वे तलाकशुदा थे और एकाकी जीवन व्यतीत कर रहे थे।
ग्रामीणों का कहना है कि आदमाबाद स्थित रेस्ट हाउस लंबे समय से बंद होने के बाद वे बेरोजगार हो गए थे। इसी दौरान वे शारीरिक व मानसिक समस्याओं से परेशान थे।
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच प्रारंभ कर दी है। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित