लखनऊ , जनवरी 28 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महाराष्ट्र के बारामती में हुए कथित विमान हादसे को लेकर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि इस दुर्भाग्यपूर्ण हादसे में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री श्री अजित पवार एवं अन्य सदस्यों के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिवंगत आत्माओं को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि इस कठिन समय में उनकी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत पुण्यात्माओं को सद्गति प्राप्त हो और शोकाकुल परिवारों को इस अथाह दुःख को सहन करने की शक्ति मिले।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसी घटनाएं पूरे देश को व्यथित कर देती हैं और अपूरणीय क्षति का अहसास कराती हैं। उन्होंने प्रभु श्रीराम से प्रार्थना करते हुए कहा कि वे दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें।
मुख्यमंत्री का यह शोक संदेश सामने आने के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में शोक की लहर देखी गई।ॐ शांति।
गौरतलब है कि एनसीपी नेता और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार को ले जा रहा एक विमान बारामती में हादसे का शिकार हो गया। इस हादसे में अजित पवार सहित कुल पांच लोगों की मौत हो गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित