नयी दिल्ली , फरवरी 10 -- महाराष्ट्र के बारामती में हाल ही में हुए विमान हादसे का बाद नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने गैर-नियमित सेवा प्रदाताओं के ऑडिट शुरू कर दिये हैं।

डीजीसीए ने मंगलवार को बताया कि पहले चरण में 14 ऑपरेटरों के ऑडिट के आदेश दिये गये हैं। ये ऑडिट 09 फरवरी से 25 फरवरी तक किये जायेंगे। बाद में अगले चरणों में दूसरे ऑपरेटरों के भी ऑडिट किये जाने हैं।

इसके अलावा, डीजीसीए के उपमहानिदेशक आर.के. आनंद के नेतृत्व में छह सदस्यीय टीम वीएसआर वेंचर्स का विशेष ऑडिट कर रही है जिसकी रिपोर्ट 15 फरवरी तक सौंपने का निर्देश दिया गया है। यह वही कंपनी है जिसका लियरजेट 45 विमान (वीटी-एसएसके) 28 जनवरी की सुबह बारामती में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। उस हादसे में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार समेत विमान में सवार सभी पांच लोगों की मौत हो गयी थी। विमान ने मुंबई से उड़ान भरी थी और बारामती में रनवे पर उतरते समय दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। विमान में आग लग गयी थी।

गैर-नियमित ऑपरेटर बिजनेस और प्राइवेट हवाई यात्रा सेवा प्रदान करते हैं जिसमें एयर एंबुलेंस भी शामिल हैं।

पहले चरण में वीएसआर वेंचर्स के अलावा 14 कंपनियों की जांच की जा रही है। हर कंपनी की जांच के लिए तीन-तीन अधिकारी नियुक्त किये गये हैं। इन कंपनियों में एयर चार्टर सर्विसेज, एआर एयरवेज, ऐरो एयरक्राफ्ट्स सेल्स एंड चार्टर्स, चिप्सन एविएशन, डेक्कन चार्टर्स, ग्लोबल वेक्ट्रा हेलीकॉर्प, इंडो पैसिफिक एविएशन, इंडिया फ्लाईसेफ एविएशन, कर्णावती एविएशन, पवन हंस लिमिटेड, राजस एयरोस्पोर्ट्स एंड एडवेंचर्स (एयरो सफारी), रेडबर्ड एयरवेज, रिलायंस कमर्शियर डीलर्स और जेस्ट एविएशन शामिल हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित