नयी दिल्ली , मार्च 12 -- कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने महाराष्ट्र के बारामती विमान हादसे की जांच में बुनियादी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन नहीं होने के मामले में चिंता व्यक्त करते हुए घटना की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग की है।

इस हादसे में महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजीत पवार और कई अन्य लोगों की मृत्यु हो गई थी।

श्री गांधी ने गुरुवार को सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा "श्री रोहित पवार ने आज मुझसे मुलाकात की और मुझे एक पत्र दिया जिसमें उन्होंने बारामती विमान दुर्घटना की जांच पर गंभीर चिंता व्यक्त की। इस विमान दुर्घटना में श्री अजीत पवार जी और अन्य लोगों की जान चली गई।"इस मामले में जरूरी कानूनी प्रक्रियाओं की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने लिखा, "कानून के बुनियादी सिद्धांतों का पालन नहीं किया गया है। यह मामला बहुत गंभीर था इसके बावजूद इसमें कोई प्राथमिकी तक दर्ज नहीं की गई।"श्री गांधी ने इस मामले में जवाबदेही की मांग करते हुए घटना की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच की आवश्यकता पर बल दिया और कहा कि मामले में निष्पक्ष, पारदर्शी और तटस्थ जांच आवश्यक है।

राष्ट्रवादी कांग्रेस (शरद गुट) के नेता तथा महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के भतीजे रोहित पवार ने आज श्री गांधी से संसद भवन परिसर में मुलाकात की और विमान हादसे की जांच में जरूरी प्रक्रियाओं का पालन नहीं होने की बात कही। श्री रोहित पवार लंबे समय से इस विमान हादसे की जांच की मांग कर रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित