बाराबंकी , फरवरी 13 -- उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता मनोज यादव को पुलिस ने गुरुवार सुबह गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई दो दिन पूर्व दर्ज मुकदमे के आधार पर की गई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार थाना सफदरगंज पुलिस ने मनोज यादव को उस समय गिरफ्तार किया, जब वे अपने कुछ साथियों के साथ सफदरगंज क्षेत्र से गुजर रहे थे। गिरफ्तारी के बाद उन्हें बड़ागांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां नियमानुसार चिकित्सीय परीक्षण कराया गया।
अपर पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि थाना सफदरगंज में दो दिन पहले छेड़छाड़ तथा एससी-एसटी एक्ट के तहत एक मुकदमा दर्ज किया गया था। उसी प्रकरण में साक्ष्यों और विवेचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि गिरफ्तारी स्थानीय पुलिस द्वारा की गई है।
उल्लेखनीय है कि बीते दो दिनों से मनोज यादव के संपर्क में न होने को लेकर चर्चाएं चल रही थीं। इस बीच उनकी पत्नी द्वारा लखनऊ के गोमती नगर विस्तार थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई थी। सफदरगंज में हुई इस गिरफ्तारी के बाद पूरे घटनाक्रम को नया मोड़ मिल गया है। फिलहाल समाजवादी पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, जबकि स्थानीय स्तर पर पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच चर्चा जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित