बाराबंकी , दिसंबर 16 -- उत्तर प्रदेश में बाराबंकी जिले के मसौली क्षेत्र में प्रेमी के घर आई युवती की धारदार हथियार से हत्या कर दी गयी। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि क्षेत्र के कस्बा शाहपुर निवासी संदीप का विवाह करीब एक माह पहले ही शहर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की युवती से हुआ था। संदीप इंजीनियर के पद पर कार्यरत है। वह सीतापुर में तैनात है। करीब एक सप्ताह से गांव में ही रह रहा था। संदीप का गोरखपुर की युवती से भी प्रेम-प्रसंग चल रहा था। सोमवार देर रात गोरखपुर निवासी युवती संदीप के घर आई थी। मंगलवार सुबह करीब छह बजे तक घर में हालात सामान्य बताए जा रहे हैं। इसके बाद संदीप शौच के लिए घर से बाहर गया। वह शौच से वापस लौटा तो घर के अंदर युवती का खून से लथपथ शव पड़ा मिला। शव के पास ही खून से सनी कुल्हाड़ी पड़ी हुई थी।

सूचना पर पुलिस, और उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए गए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रामनगर क्षेत्राधिकारी गरिमा पंत ने बताया कि प्रारंभिक जांच में संदीप के माता-पिता और उसकी चारों बहनें घटना के बाद से फरार हैं। उनकी तलाश की जा रही है। साथ ही युवती के परिजनों को सूचना दी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित