बाराबंकी , फरवरी 2 -- उत्तर प्रदेश में बाराबंकी जिले के शहर कोतवाली क्षेत्र के बंकी कस्बे में बदमाशों ने घर में घुसकर 80 वर्षीय महिला की गला दबाकर हत्या कर दी और सोने के कड़े व झुमके लूट ले गए।

पुलिस सूत्रों के अनुसार बंकी कस्बा निवासी अशोक कुमार शुक्ला भारतीय जीवन बीमा निगम में कार्यरत हैं, के तीन मंजिला मकान के निचले हिस्से में उनकी माता शकुंतला शुक्ला सो रही थीं, जबकि परिवार के अन्य सदस्य ऊपरी मंजिल पर थे। देर रात बदमाश गली की ओर खुलने वाले दरवाजे से घर में दाखिल हुए और महिला की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद उनके हाथों के सोने के कड़े, कानों के झुमके समेत अन्य जेवरात लूटकर फरार हो गए।

सोमवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे परिजन नीचे पहुंचे तो घटना की जानकारी हुई। सूचना पर शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित