बाराबंकी , दिसंबर 5 -- उत्तर प्रदेश में बाराबंकी जिले के रामनगर कोतवाली क्षेत्र में खेत में बथुआ तोड़ने गई तीन किशोरी संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई हैं। पुलिस उनकी खोज कर रही है।

पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि क्षेत्र के बिछलका गांव में बृहस्पतिवार शाम खेतों में साग तोड़ने निकलीं तीन किशोरियां संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गईं। देर शाम तक घर न लौटने पर परिजनों की बेचैनी बढ़ी और रात होते-होते गांव में अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई। सूचना पर पुलिस हरकत में आई और तलाशी के लिए तीन टीमें लगाई गई हैं। ग्रामीणों के अनुसार 13, 14 और 15 साल की तीन सहेलियां शाम करीब चार बजे यह कहकर घर से निकली थीं कि वे खेतों से बथुआ तोड़ने जा रही हैं। करीब छह बजे तक जब वे वापस नहीं लौटीं तो परिजन उन्हें खोजते हुए खेतों तक पहुंचे, लेकिन किशोरियों का कोई पता नहीं चला। परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित