बाराबंकी , मार्च 28 -- उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में शनिवार दोपहर एक सड़क हादसे में बाइक सवार दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक तीन वर्षीय बालिका गंभीर रूप से घायल हो गई।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि सीतापुर जिले के महमूदाबाद थाना क्षेत्र के रमद्वारी गांव निवासी इंद्रजीत वर्मा अपनी पत्नी खुशी वर्मा (18), भाभी पिंकी देवी (28) और तीन वर्षीय भतीजी बिट्टू के साथ बाइक से जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के पिपरौली गांव अपनी बीमार मौसी को देखने जा रहे थे कि फतेहपुर-सिहाली मार्ग पर स्थित इसेपुर रेलवे क्रॉसिंग बंद होने के कारण सभी लोग वहां रुक गए थे। जैसे ही क्रॉसिंग खुली और बाइक आगे बढ़ी, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर लगते ही खुशी वर्मा और पिंकी देवी सड़क पर गिर गईं, जबकि इंद्रजीत और बालिका दूसरी ओर जा गिरे। इसी दौरान ट्रक दोनों महिलाओं को कुचलते हुए आगे निकल गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने ट्रक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक वाहन लेकर फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल बालिका को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित