बाराबंकी , मार्च 1 -- उत्तर प्रदेश में बाराबंकी जिले के असंद्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत रतौली गांव में आज सुबह बिजली के खंभे में उतरे करंट की चपेट में आने से दो किसानों की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार किसान रामकुमार पाल (50) सुबह अपने खेत की ओर जा रहे थे। खेत में लगे विद्युत पोल में करंट उतर आया था। पास से गुजरते समय वह पोल से छू गए और करंट की चपेट में आकर तड़पने लगे। इसी दौरान गांव के ही साहेब प्रसाद पाल (52), जो मंदिर से लौट रहे थे, रामकुमार को बचाने के लिए आगे बढ़े, लेकिन वे भी करंट की चपेट में आ गए। देखते ही देखते दोनों जमीन पर गिर पड़े और कुछ ही देर में उनकी मृत्यु हो गई।

शोर सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे और डंडों की मदद से दोनों को पोल से अलग करने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित