बाराबंकी , अप्रैल 19 -- उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में खेत में लगी गेहूं की पराली की आग बुझाने के प्रयास में एक बुजुर्ग किसान की झुलसकर मौत हो गई।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि सुबेहा क्षेत्र निवासी हीरालाल रावत (65) रविवार दोपहर अपने खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक गेहूं की फसल में आग लग गई। फसल को जलता देख उन्होंने आग बुझाने का प्रयास किया। इस दौरान उनके कपड़ों में भी आग लग गई और वह गंभीर रूप से झुलस गए।

खेत से धुआं और तेज लपटें उठती देख आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उन्हें आग की चपेट से बाहर निकाला। बाद में ग्रामीणों की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हैदरगढ़ पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें लखनऊ के सिविल अस्पताल रेफर कर दिया, जहां शाम को उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित