बाराबंकी , फरवरी 7 -- उत्तर प्रदेश में बाराबंकी की एक अदालत ने शनिवार को हत्या के एक मामले में दोषी को उम्रकैद की सजा सुनाई। सजा होने के तुरंत बाद सजायाफ्ता बंदी पुलिस को चकमा देकर कोर्ट परिसर से फरार हो गया। घटना से कचहरी परिसर में अफरातफरी मच गई।

पुलिस सूत्रों के अनुसार हत्या के मामले में सूरज को पेशी व कन्विक्शन की कार्यवाही के लिए अपर जिला जज राकेश कुमार की अदालत में हत्या के मामले में उम्र कैद की सजा सुनाई जानी थी। कार्रवाई के दौरान ही सूरज कुछ पुलिसकर्मियों को चकमा देकर कोर्ट से फरार हो गया।

दोषी सूरज कुमार बाराबंकी जिले के थाना सुबेहा क्षेत्र का निवासी है। उस पर धारा 302 के तहत हत्या का गंभीर मुकदमा चल रहा था । अदालत द्वारा उम्रकैद की सजा सुनाए जाने के बाद उसे वापस ले जाने की तैयारी थी। इसी दौरान बंदी पुलिस कर्मियों को झांसा देकर भाग निकला।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित