अल्मोड़ा , फरवरी 26 -- उत्तराखंड के अल्मोड़ा में गुरुवार को बारात से लौट रही कार के खाई में गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई जबकि पांच लोग घायल हो गए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला नियंत्रण कक्ष से सूचना प्राप्त हुई कि ताकुला चौकी के अंतर्गत बागेश्वर रोड पर बसौली के समीप एक कार गहरी खाई में गिर गई है। सूचना मिलते ही सरियापानी स्थित राज्य आपदा प्रबंधन बल (एसडीआरएफ) की टीम उप निरीक्षक पंकज डंगवाल के नेतृत्व में तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। कार में आठ लोग सवार थे जो बारात से लौटते समय अल्मोड़ा की ओर आ रहे थे।

एसडीआरएफ टीम ने स्थानीय लोगों की सहायता से राहत और बचाव कार्य चलाया गया। घटना में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। सभी घायलों के साथ ही शवों को खाई से बाहर निकाला गया और उन सभी को 108 एम्बुलेंस सेवा के माध्यम से ताकुला अस्पताल भिजवाया गया।

मृतकों की पहचान मंजू देवी , दिनेश चंद्र और रोहन के रूप में हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित