अलवर , फरवरी 19 -- राजस्थान में अलवर जिले के गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र में ग्राम चिड़वाई में दो पक्षों में शादी में फोटो खींचने को लेकर हुए विवाद केबाद लाठी और तलवार से हुए संघर्ष में एक ही परिवार के आठ लोग घायल हो गये।
सूत्रों ने बताया कि विवाद की शुरुआत 17 फरवरी को हुई। चिड़वाई गांव निवासी संजय अपने दोस्त के पुत्र की शादी में बारात में शामिल होने गया था। इस दौरान एक युवक बारात में मौजूद कुछ युवतियों की फोटो खींच रहा था। संजय ने इस पर आपत्ति जताते हुए फोटो खींचने का कारण पूछा। इसके बाद इनमें विवाद हो गया।
अगले दिन 18 फरवरी की शाम आठ बजे संजय के भतीजे की शादी की तैयारियां चल रही थीं। इसी दौरान उक्त युवक अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और कथित तौर पर लाठी-डंडों एवं तलवार से संजय एवं उसके परिवार पर हमला कर दिया। इस हमले में संजय, निक्कूराम, सप्पूबाई, लालचंद और अन्य लोग घायल हो गये। घटना के बाद सभी घायलों को इलाज के लिए अलवर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस के अनुसार अभी घायलों का इलाज किया जा रहा है। आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।
दूसरे पक्ष का कहना है कि उनका भाई दुकान पर सामान लेने गया था, तभी पहले पक्ष ने उन पर हमला किया। दूसरे पक्ष का दावा है कि फोटो खींचने के विवाद को लेकर वे पहले ही माफी मांग चुके थे और मामला खत्म हो गया था, लेकिन इसके बावजूद उन पर हमला किया गया।
पुलिस ने कहा कि यह मामला दो पक्षों के बीच आपसी विवाद का है। दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है और तथ्यों के अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित