राजनांदगांव , अप्रैल 29 -- छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में स्थित डोंगरगढ़ क्षेत्र के ग्राम रामटोला में कल रात बारात में डीजे पर डांस करते समय हुए मामूली विवाद एक नाबालिग ने अपने साथी द्वारा दिए गए धारदार हथियार से एक युवक पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी बालक सहित अपराध में सहयोग करने वाले उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी मंगलेश सिन्हा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि ग्राम सांकरा (जिला केसीजी) से रामटोला में एक बारात आई थी। रात लगभग 08:15 बजे जब बारात में डीजे पर ग्रामीण और बाराती डांस कर रहे थे।
इसी दौरान योनिश सिन्हा और सांकरा निवासी एक 17 वर्षीय नाबालिग के बीच पुरानी रंजिश को लेकर धक्का-मुक्की और वाद-विवाद शुरू हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि नाबालिग ने अपने साथी कृपाल वर्मा (25) द्वारा दिए गए चाकू से योनिश पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। बीच-बचाव करने आए रेमन देवांगन और युवराज यादव भी इस हमले में घायल हो गए।
गंभीर रूप से घायल योनिश सिन्हा को परिजनों और ग्रामीणों द्वारा तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
इस मामले में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए हमला करने वाले अपचारी बालक को हिरासत में लिया। साथ ही घटना में चाकू उपलब्ध कराने वाले सहयोगी आरोपी कृपाल वर्मा को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध थाना डोंगरगढ़ में बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित