बारां , मार्च 21 -- राजस्थान में बारां जिले के शेरगढ़ अभयारण्य क्षेत्र में बारां- झालावाड़ राजकीय राजमार्ग पर भालू दिखाई देने के बाद आसपास के गांवों में दहशत फैल गई।
सूत्रों ने शनिवार को बताया कि भालू कोटा जिले के कनवास रेंज में बारां- झालावाड़ राजकीय राजमार्ग पर आ गया। वह शुक्रवार की देर रात साढ़े ग्यारह बजे लटूरी गांव में एक खेत से निकल कर राजमार्ग से निकलता दिखाई दिया। इस पर वन विभाग का दल सुबह मौके पर पहुंच गया जो भालू की तलाश कर रहा है। सड़क पर आवाजाही की वजह से भालू के पगमार्क नहीं मिले।
कनवास के रेंजर गुलाबचंद शर्मा ने बताया कि भालू बारां-झालावाड़ राजमार्ग पर सीसीटीवी में नजर आया है, जिसके बाद वन विभाग का दल आसपास के इलाकों में उसकी तलाश कर रहा है।
यह इलाका बारापाटी वन क्षेत्र है, जो कोटा, बारां और झालावाड़ वन क्षेत्र से लगा हुआ है। यह पहाड़ी खानपुर से होते हुए बारां के शेरगढ़ अभयारण्य से सटा हुआ है। शेरगढ़ अभयारण्य में करीब छह भालू हैं। संभवत: इन्हीं में से एक भालू घूमते हुए शेरगढ़ से निकलकर सड़क पर आ गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित