बारां , फरवरी 26 -- राजस्थान में बारां जिला राजकीय अस्पताल में अनियमितताओं के आरोपों को लेकर गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं के साथ ही हटाये गये संविदा कर्मियों और एंबुलेंस चालकों ने अस्पताल प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों ने अस्पताल में अनियमितताओं और अव्यवस्थाओं का आरोप लगाते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि शहीद राजमल मीणा जिला अस्पताल में काफी समय से व्यवस्थाएं बिगड़ी हुई हैं। संविदाकर्मियों को बिना किसी स्पष्ट कारण के हटाया गया है, वही एंबुलेंस चालकों ने भुगतान और कार्य व्यवस्थाओं में गड़बड़ियों की शिकायत की हैं। इनका कहना था कि बार- बार शिकायत के बावजूद कोई समाधान नहीं निकाला गया, जिसके कारण उन्हें विरोध प्रदर्शन के लिए मजबूर होना पड़ा है।

जिला अस्पताल में हंगामे की सूचना मिलने पर सीएमएचओ संजीव सक्सेना और मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डाॅ सीपी मीणा जिला अस्पताल पहुंचे। इन अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत की और उन्हें शांत किया। उन्होंने प्रदर्शनकारियों की मांगों पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। करीब एकघंटे तक चले इस प्रदर्शन के बाद मामला शांत हुआ।

दूसरी और जिला अस्पताल प्रबंधन ने कहा कि कतिपय लोगों द्वारा किया गया यह हंगामा प्रायोजित है। प्रबंधन के अनुसार बुधवार को कुछ लोगों ने पीएमओ कार्यालय पहुंचकर कुछ महीने से पार्किंग का ठेका संभाल रही फर्म को काली सूची में डालने और एक विशेष फर्म को टेंडर दिलवाने के लिए दबाव बनानेकी कोशिश करते हुए धमकाया था। उसके बाद गुरुवार को यह सुनियोजित हंगामा संविदा कर्मियों और चालकों का सहारा लेकर किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित