जयपुर , फरवरी 23 -- राजस्थान के बारां जिले में पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने संयुक्त कार्रवाई में अवैध पटाखों के काले कारोबार का भंडाफोड़ कर 40 करोड़ के अवैध पटाखों का जखीरा बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक बारां अभिषेक अंदासु ने सोमवार को बताया कि 21 और 22 फरवरी को चली लंबी जब्ती की कार्रवाई में बम निरोधक दस्ता, एफएसएल और अग्निशमन दल को भी शामिल किया गया और जब्त की गई सामग्री में लगभग 231300 किलोग्राम (231 टन) विस्फोटक सामग्री बरामद की गई।
श्री अंदासु ने बताया कि इसमें 1350 कट्टों में करीब 338 क्विंटल नीले, लाल और सादे सुतली बम, तैयार पटाखे 5500 कार्टून (करीब 1918 क्विंटल), विस्फोटक बारूद 12 क्विंटल पोटेशियम नाइट्रेट, सल्फर, चारकोल और एल्युमिनियम पाउडर एवं अन्य सामग्री 45 क्विंटल जर्दा (पटाखों के लिए), 20 बंडल लाल बत्ती, पैकिंग मशीनें और भारी मात्रा में ब्रांडेड लेबल शामिल है। जब्त किए गए पटाखों और कच्चे माल की कुल अनुमानित कीमत 40 करोड़ रुपये आंकी गई है।
उन्होंने बताया कि गत 20 फरवरी को सूचना मिली थी कि मंडोला के पास आर.डी. ब्रदर्स के गोदामों में क्षमता से कहीं अधिक और अवैध रूप से विस्फोटक सामग्री का भंडारण किया गया है। जब पुलिस और नगर परिषद की टीम ने गोदामों का निरीक्षण किया, तो वहां सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं मिले। गोदामों में अग्निशमन के उपकरण तक नदारद थे, जो किसी भी बड़ी जनहानि का कारण बन सकते थे। प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तीनों गोदामों को सील कर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित