बारां , दिसम्बर 13 -- राजस्थन में जिला प्रशासन एवं महिला अधिकारिता विभाग, बारां द्वारा जिले में एक अभिनव पहल के रूप में 'बाल विवाह मुक्त ग्राम पंचायत' कार्यक्रम एवं 100 दिवसीय जनजागरूकता अभियान का शनिवार को शुभारंभ किया गया।

इस कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन जिला प्रभारी मंत्री ओटाराम देवासी ने किया। कार्यक्रम में विधायक डॉ. ललित मीणा, विधायक राधेश्याम बैरवा, जिला कलक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर, पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु, अतिरिक्त जिला कलक्टर भंवरलाल जनागल सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, महिला शक्ति एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम के दौरान राज्यमंत्री ओटाराम देवासी ने बाल विवाह उन्मूलन पर आधारित नुक्कड़ नाटक का अवलोकन किया। उन्होंने समाज को बाल विवाह जैसी कुरीति से मुक्त करने का संदेश देते हुए 'बाल विवाह मुक्त भारत एवं ग्राम पंचायत जागरूकता रथ' को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर जिला कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर के निर्देशन में 100 दिवसीय जनजागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया। सहायक निदेशक, महिला अधिकारिता राकेश कुमार वर्मा ने बताया कि 'बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ' योजना के तहत राष्ट्रीय स्तर पर तीन चरणों में 27 नवम्बर से आठ मार्च 2026 तक बाल विवाह मुक्त भारत अभियान संचालित किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित