बारां , अप्रैल 29 -- राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बुधवार को बारां जिले में नगरपालिका अटरू में सहायक कर्मचारी (संविदाकर्मी) और उसके दलाल को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेने पर गिरफ्तार किया।

ब्यूरो के महानिदेशक गोविन्द गुप्ता के अनुसार एसीबी की झालावाड चौकी को गत 27 अप्रैल को परिवादी द्वारा जरिए मोबाईल अवगत कराया कि उसके पिताजी के नाम से लक्ष्मीपुरा गांव में प्लाट का पट्टा बनवाने के लिए नगर पालिका अटरू के सहायक कर्मचारी अजय सिंह रिश्वत के रुप में 60 हजार रूपये मांग रहे है जो जेईएन का काम भी देख रहे है।

इस पर उसी दिन एसीबी चौकी झालावाड़ द्वारा रिश्वत मांग का सत्यापन करवाया गया तो अजय सिंह द्वारा परिवादी से उसके पिताजी के नाम ग्राम लक्ष्मीपुरा में प्लॉट का पट्टा बनवाने के लिए 60 रुपए रिश्वत की मांग की गई और परिवादी से बाद में 50 हजार रुपए रिश्वत लेने पर सहमत हुआ। रिश्वत राशि कृष्णा' कन्स्ट्रक्शन एण्ड इंजिनियर्स शाप नम्बर चार, नगर पालिका अटरू में बैठने वाले पवन को देने के लिए कहा।

ब्यूरो टीम ने आरोपी अजय सिंह एवं पवन दलाल को परिवादी से रिश्वत के 50 हजार रुपए प्राप्त करते हुए गिरफ्तार कर लिया गया। एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव एवं महानिरीक्षक एस परिमला के निर्देशन में आरोपियों से पूछताछ की कार्रवाई जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित