बारां , मार्च 04 -- राजस्थान में बारां जिले में इस वर्ष होली का पर्व दो दिन तक मनाया गया।

सोमवार देर रात होलिका दहन के बाद मंगलवार को कई स्थानों पर रंग-गुलाल से होली खेली गई, वहीं बुधवार को शहर सहित ग्रामीण क्षेत्र में होली का उल्लास बना रहा। लोग डीजे और ढोल नगाड़े पर जमकर थिरके।

उधर, बारां के आराध्य श्रीकल्याणराय मंदिर में अबीर-गुलाल खूब बरसा। होली के दूसरे दिन भी श्रद्धालुओं पर रंग, केसर और अबीर-गुलाल की जमकर वर्षा हुई। मंदिर परिसर में सुबह और शाम दोनों समय चल रहे रंगोलय में ठाकुरजी के दर्शन के लिए भक्त उमड़े और आनंद के रंग में डूबे नजर आए। चांदी के सिंहासन पर विराजमान श्रीजी महाराज के दर्शन हुए।

पंडित पुजारी धनराज शर्मा, हनुमान शर्मा ने बताया कि अन्नपूर्णा नगरी नित्योत्सवो की भूमि है। यहां वर्षभर पर्व-उत्सव आयोजित होते हैं। मंदिर में भक्तों पर केसर और टेसू के फूलों से बना प्राकृतिक रंग बरसा।

मान्यता है कि इस गुनगुने रंग में भीगने से चर्म रोगों में लाभ मिलता है। इसी कारण श्रद्धालु इस रंग से सराबोर होने में तनिक भी संकोच नहीं करते।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित