दंतेवाड़ा, अप्रैल 01 -- त्तीसगढ़ के बारसूर पर्यटन क्षेत्र में पिछले देर रात एक विशाल मगरमच्छ के सड़क पर आ जाने से अफरातफरी मच गई। बारसूर-छिंदनार मुख्य मार्ग किनारे अचानक मगरमच्छ को देखकर वहां मौजूद लोगों में चीखपुकार मच गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद मगरमच्छ को पकड़कर इंद्रावती नदी में सफलतापूर्वक छोड़ दिया।

रेंजर ज्ञानदिन वर्मा ने वार्ता को बताया- यह ऑपरेशन ग्रामीणों की सतर्कता के बिना संभव नहीं था। देर रात होने के बावजूद ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना दी और पूरा सहयोग किया। उन्होंने कहा कि वन्यजीव संरक्षण को लेकर लोगों में बढ़ती जागरूकता काबिले तारीफ है।

वहीं स्थानीय लोगों ने इस घटना के पीछे बुढ़ा तालाब के सूखने को बड़ी वजह बताया है। ग्रामीणों का आरोप है कि बारसूर स्थित विशाल बुढ़ा तालाब पर बाहरी लोगों द्वारा लगातार अतिक्रमण कर मिट्टी-मुरम डालकर तालाब को पाटा जा रहा है, जिससे तालाब का अस्तित्व संकट में है। तालाब का दायरा सिमटता जा रहा है और यह तेजी से सूख रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित