दरभंगा , मई 11 -- बिहार के दरभंगा जिले में भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर के खिलाफ सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी करने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया गया है।

घनश्यामपुर थाना पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक राजा कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।

बिरौल अनुमंडल के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रभाकर तिवारी ने बताया कि 10 मई 2026 को घनश्यामपुर थाना के थाना अध्यक्ष को सोशल मीडिया के माध्यम से एक वीडियो प्राप्त हुआ था, जिसमें भारत रत्न डॉक्टर बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के बारे में एक व्यक्ति के द्वारा अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया गया है, जिससे लोगों की भावनाएं आहत हुई है। थाना अध्यक्ष घनश्यामपुर द्वारा उक्त व्यक्ति की पहचान कर रविवार देर रात छापेमारी कर उसे गिरफ्तार किया गया है। उक्त व्यक्ति राजा कुमार सिंह है जो घनश्यामपुर थाना क्षेत्र के पुनहद गांव का रहने वाला है। वीडियो को बनाने और वायरल करने के लिए भारतीय न्याय संहिता और आईटी एक्ट की धाराओं में उनके विरुद्ध प्राथमिक दर्ज की गयी है। उन्होंने बताया कि जो भी लोग इसमें शामिल हैं उनकी पहचान कर उसकी गिरफ्तारी की जाएगी।

श्री तिवारी ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा था, जिसमें आरोपी युवक अपने मोबाइल पर बाबा साहेब के चित्र को प्रदर्शित करते हुए आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करता दिख रहा था।वीडियो सामने आने के बाद इलाके में लोगों में आक्रोश फैल गया और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठी। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस हरकत में आई और तकनीकी जांच की सहायता से आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, वीडियो बनाने और उसे वायरल करने में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित