कोलकाता , मार्च 05 -- जेकब बेथेल का शतक गया बेकार। संजू सैमसन (89), शिवम दुबे (43) और ईशान किशन (39) की तूफानी बल्लेबाजी के बाद गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत भारत ने गुरुवार को टी-20 विश्वकप के दूसरे सेमीफाइनल के रोमांचक मुकाबले में इंग्लैंड को सात रनों से शिकस्त देकर फाइनल में प्रवेश किया। संजू सैमसन काे 'प्लेयर ऑफ द मैच' का पुरस्कार मिला।

254 रनों के मुश्किल लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने 38 के स्कोर पर अपने दो विकेट गंवा दिये। फिल साल्ट (पांच) और कप्तान हैरी ब्रूक (सात) रन बनाकर आउट हुये। छठें ओवर में वरुण चक्रवर्ती ने जॉस बटलर को आउट कर भारत को तीसरी सफलता दिलाई। जॉस बटलर ने 17 गेंदों में चार चौके और एक छक्का लगाते हुए 25 रन बनाये। इसके बाद टॉम बैटन (17) को अक्षर पटेल ने बोल्ड आउट किया। इसके बाद विल जैक्स ने जेकब बेथल के साथ पांचवें विकेट के लिए विस्फोटक 77 रन जोड़ कर भारत की चिंता बढ़ा दी। 14वें ओवर में अर्शदीप ने विल जैक्स को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। विल जैक्स ने 20 गेंदो में चार चौके और दो छक्के लगाते हुए 35 रन बनाये। 19वें ओवर की तीसरी गेंद पर हार्दिक ने सैम करन (18) को आउट कर एक बार फिर मैच का पासा पलटा। आखिरी ओवर में शिवम दुबे की पहली गेंद जेकब बेथेल को रनआउट कर इंग्लैंड की उम्मीदों को तगड़ा झटका दिया। जेकब बेथेल ने 48 गेंदों में आठ चौके और सात छक्के जड़ते हुए 105 रनों की पारी खेली। इंग्लैंड की टीम निर्धारित 20 ओवरों में सात विकेट पर 246 रन ही बना सकी और मुकाबला सात रनों से हार गई। जोफ़्रा आर्चर ने आखिरी ओवर में तीन छक्के लगाते हुए नाबाद 19 रन बनाये। भारत की ओर से हार्दिक पंड्या ने दो विकेट लिये। जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती और अर्शदीप सिंह ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

आज यहां इससे पहले संजू सैमसन (89), शिवम दुबे (43) और ईशान किशन (39) की तूफानी बल्लेबाजी के दम भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ सात विकेट पर 253 रन का विशाल स्कोर बनाया। इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नही रहीं और उसने दूसरे ही ओवर में 20 रन के स्कोर पर अभिषेक शर्मा (नौ) का विकेट गंवा दिया। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये ईशान किशन ने संजू सैमसन के साथ पारी को संभाला और तेजी के साथ रन भी बटोरे। दोनों बल्लेबाजों के बीच दूसरे विकेट लिए 97 रनों की साझेदारी हुई। 10वेे ओवर में आदिल रशीद ने ईशान किशन को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। ईशान किशन ने 18 गेंदों में चार चौके और दो छक्के उड़ाते हुए 39 रन बनाये। भारत का तीसरा विकेट संजू सैमसन के रूप में 14वें ओवर की पहली गेंद पर गिरा। विल जैक्स ने उन्हें आउट कर अपना दूसरा विकेट लिया। संजू सैमसन ने 42 गेंदों में आठ चौके और सात छक्के उड़ाते हुए 89 रनों की पारी खेली। 16वें ओवर में आदिल रशीद ने सूर्यकुमार यादव (11) का शिकार कर लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित