चंडीगढ़ , मार्च 19 -- शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने गुरुवार को पार्टी के पिछड़ा वर्ग (बी.सी.) प्रकोष्ठ के नये संगठनात्मक ढांचे की घोषणा कर दी है। प्रकोष्ठ के अध्यक्ष जत्थेदार हीरा सिंह गाबड़िया के साथ गहन विचार-विमर्श के बाद इन नियुक्तियों को अंतिम रूप दिया गया है।
पार्टी के मुख्य कार्यालय से जानकारी साझा करते हुए वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं सचिव डॉ दलजीत सिंह चीमा ने बताया कि इस नये ढांचे में पंजाब के विभिन्न क्षेत्रों और वर्गों के अनुभवी नेताओं को शामिल किया गया है, ताकि जमीनी स्तर पर पार्टी की पकड़ और मजबूत की जा सके। पार्टी ने बी.सी. विंग के मार्गदर्शन के लिए चार वरिष्ठ दिग्गजों को संरक्षक नियुक्त किया है जिनमें किरपाल सिंह बडूंगर (पूर्व प्रधान, एसजीपीसी), डॉ. उपिंदरजीत कौर (पूर्व मंत्री), मनजीत सिंह जी.के. (पूर्व प्रधान, दिल्ली गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी), और तेजा सिंह महल बरनाला शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, सुच्चा सिंह सुचेतगढ़ को विंग का महासचिव नियुक्त किया गया है।
पार्टी ने कुल 16 वरिष्ठ नेताओं को वरिष्ठ उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है, जिनमें प्रमुख तौर पर गुरमीत सिंह कुलार, गुरदीप सिंह लंबी, चरनजीत सिंह भारी, कशमीर सिंह गंडीविंड, जोगिंदर सिंह फिरोजपुर, नरिंदरपाल सिंह मोगा, गुरप्रीत सिंह मसोण, और जत्थेदार तारा सिंह शेखूपुर शामिल हैं। अन्य नामों में चौधरी मुहम्मद सदीक, जरनैल सिंह कलसी और बावा सिंह (पूर्व चेयरमैन, इंप्रूवमेंट ट्रस्ट) भी शामिल हैं।
परविंदर सिंह समराला, भूपिंदर सिंह जाडला और जतिंदर सिंह लंधामुंडा सहित 16 नेताओं को महासचिव का पद दिया गया है। गुरचरन सिंह गुरु और स. गुरमीत सिंह निझर को विंग की मीडिया रणनीति संभालने की जिम्मेदारी दी गयी है।
बलवीर सिंह ढाडी और सुखविंदर सिंह मल्होत्रा को प्रचार सचिव बनाया गया है।
संगठन को मजबूत करने के लिए जिला स्तर पर भी कमान सौंपी गयी है। मुख्य जिला अध्यक्षों में अमृतसर (शहरी) से इंदरजीत सिंह पंडोरी, बठिंडा (ग्रामीण) जसपाल सिंह जस्सा, लुधियाना (शहरी) गुरदीप सिंह लील, मोगा (शहरी) सुखचैन सिंह रामूवालिया और पटियाला (ग्रामीण) गुरदीप सिंह शेखपुरा शामिल हैं। डॉ. चीमा ने स्पष्ट किया कि इन नियुक्तियों का मुख्य उद्देश्य पिछड़ा वर्ग के अधिकारों की रक्षा करना और आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए कैडर को तैयार करना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित