कोरबा , फरवरी 17 -- छत्तीसगढ़ में कोरबा के दर्री थाना क्षेत्र अंतर्गत बरेलीमुंडा गोपालपुर गांव में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब दो वर्षीय मासूम हर्ष कंवर का शव घर की बाड़ी में स्थित बंद पड़े गोबर गैस टैंक में मिला।

जानकारी के अनुसार हर्ष कंवर के माता-पिता तमिलनाडु में मजदूरी करने गए हुए हैं। वे कुछ समय पहले अपने इकलौते पुत्र को गांव में दादा-दादी के पास छोड़कर गए थे। सोमवार दोपहर से बच्चा अचानक लापता हो गया, जिसके बाद परिजनों ने आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।

आज सुबह घर की बाड़ी में बने बंद पड़े गोबर गैस टैंक में मासूम का शव दिखाई देने पर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना तत्काल दर्री थाना पुलिस को दी गई।

इस संबंध में कोरबा पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि गुमशुदगी की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आसपास तलाश शुरू की थी।

मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है तथा सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित