चंडीगढ़ , फरवरी 13 -- पंजाब आम आदमी पार्टी (आप) ने शुक्रवार को, कांग्रेस एवं विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा द्वारा कैबिनेट मंत्री हरभजनसिंह ई.टी.ओ. के खिलाफ की गयी अपमानजनक टिप्पणियों के विरोध में पूरे राज्य में विरोध प्रदर्शन किये और बाजवा से सार्वजनिक माफी की मांग की।
आप के मीडिया प्रभारी बलतेज पन्नू ने दावा किया कि कांग्रेस की दलित विरोधी मानसिकता एक बार फिर पंजाब के लोगों के सामने बेनकाब हो गयी है। उन्होंने चेतावनी दी कि पार्टी राज्य में किसी को भी दलितों को नीचा दिखाने या श्रमिक वर्ग के लोगों की इज्जत को ठेस पहुंचाने की इजाजत नहीं देगी। श्री पन्नू ने कहा कि बाजवा की भाषा कांग्रेस की दलितों के प्रति गहरी नफरत और हाशिए पर पड़े समुदायों को राजनीतिक अहंकार के कारण अपमानित करने के पुराने इतिहास को साफ दर्शाती है। उन्होंने कहा कि जहां 'आप' शासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और जनकल्याण में विश्वास रखती है, वहीं बाजवा जैसे कांग्रेसी नेता अभी भी उसी सामंती और जातिवादी मानसिकता में फंसे हुए हैं जिसे पंजाब बार-बार नकार चुका है।
श्री पन्नू ने कहा कि कांग्रेस की चुप्पी ही साबित करती है कि श्री बाजवा का बयान निजी गलती नहीं थी, बल्कि कांग्रेस का असली चेहरा और मानसिकता है। पार्टी द्वारा पूरे पंजाब में प्रदर्शन किये गये, जिनमें मलेरकोटला और रोपड़ में हुए बड़े प्रदर्शन शामिल हैं। यहां बड़ी संख्या में स्थानीय निवासियों और बैंड-बाजा कलाकारों ने 'आप' नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर बाजवा और कांग्रेस की दलित विरोधी सोच की कड़ी निंदा की।
होशियारपुर, कपूरथला, एस.बी.एस. नगर, अमृतसर, पठानकोट, तरनतारन, फरीदकोट, फतेहगढ़ साहिब, लुधियाना, मोगा, मलेरकोटला, पटियाला, रूपनगर, संगरूर, बठिंडा, फाजिल्का, फिरोजपुर, मानसा, श्री मुक्तसर साहिब, बरनाला और एस.ए.एस. नगर समेत पूरे पंजाब में रोष प्रदर्शन हुए। 'आप'के मंत्रियों, विधायकों और कार्यकर्ताओं ने प्रताप सिंह बाजवा के खिलाफ आवाज बुलंद की।
श्री पन्नू ने स्पष्ट किया कि पंजाब के लोग दलितों और मेहनतकश समुदायों का अपमान बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि जब तक बाजवा और कांग्रेस नेतृत्व बिना शर्त माफी नहीं मांगता, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित