आगरा , जनवरी 27 -- उत्तर प्रदेश के आगरा में बाजरा की खरीद-फरोख्त के नाम पर 12 लाख रुपये की ठगी करने वाले एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से आठ लाख रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।
मंगलवार को थाना अछनेरा पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी रजत ने व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से बाजरा कारोबार का झांसा देकर स्थानीय व्यापारी से धोखाधड़ी की। आरोपी ने ग्रुप में खुद को बड़े स्तर का कारोबारी बताते हुए 900 कुंतल बाजरा हरियाणा के हिसार भेजने का सौदा तय कराया। इसके बाद दो ट्रकों में बाजरा लदवाकर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने रास्ते में फर्जी फर्म की बिल्टी और जीएसटी बिल तैयार कर बाजरा किसी अन्य व्यापारी को बेच दिया और करीब 12 लाख रुपये लेकर फरार हो गया। पीड़ित व्यापारी की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से 8 लाख रुपये नकद बरामद कर लिए।
पुलिस ने बताया कि इस ठगी रैकेट में दो अन्य लोगों के शामिल होने की भी जानकारी मिली है, जिनकी तलाश की जा रही है। आशंका जताई जा रही है कि व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए अन्य व्यापारियों को भी इसी तरह ठगी का शिकार बनाया गया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित