भरतपुर , मार्च 27 -- राजस्थान में सवाई माधोपुर के रणथंभौर बाघ अभयारण्य में शुक्रवार का सुबह बाघ (आरबीटी-2511 'मलंग' ) के त्रिनेत्र गणेश मंदिर मार्ग पर आने से करीब दो घण्टे तक यातायात अवरुद्ध रहा। वन विभाग के सूत्रों ने बताया कि बाघ मिश्र दर्रा गेट पर 10 मिनट तक चहल-कदमी करता रहा। इसके बाद वह करीब दो घंटे तक सड़क पर ही आराम करने लगा। इसकी वजह से पर्यटकों को अपनी गाड़ी पीछे लेनी पड़ी साथ ही पर्यटक और मंदिर दर्शन करने आए श्रद्धालुओं के लिए भी आवाजाही बंद करनी पड़ी।
सूत्रों ने बताया कि इससे मंदिर मार्ग पर लंबा जाम लग गया। बाघ के वापस जंगल में जाने पर रास्ता खुल सका। बताया गया कि करीब 3200 पर्यटक एवं सेंकड़ों की संख्या में श्रद्धालु जाम में फंसे रहे। इस दौरान वे न तो जंगल में सफारी पर जा सके और न ही श्रद्धालु गणेश मंदिर के दर्शन करने पहुंच सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित