भरतपुर , अप्रैल 21 -- राजस्थान में करौली और धौलपुर की सीमा से सटे बाघ अभयारण्य वन क्षेत्र के कई किलोमीटर के दायरे में मंगलवार को देर शाम आग लगने से वन विभाग के साथ जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
वन विभाग के सूत्रों ने बताया कि कई किलोमीटर के दायरे में फैली आग से वन संपदा को काफी नुकसान हुआ है। साथ ही वन्यजीवों के प्राणों पर संकट मंडरा रहा है। प्रशासन और दमकल विभाग आग पर काबू पाने का प्रयास कर रहे हैं।
सूत्रों ने बताया कि करौली धौलपुर सीमा पर स्थित भेड़े का पुरा गांव के पास बाघ अभयारण्य के जंगल में अचानक भड़की आग तेज हवाओं के कारण तेजी से फैली और देखते ही देखते कई किलोमीटर का क्षेत्र इसकी चपेट में आ गया। इससे कई हेक्टेयर वन क्षेत्र प्रभावित हुआ है। इस क्षेत्र में करीब छह बाघों की आवाजाही की सूचना मिली है।
वन विभाग और प्रशासन स्थिति को लेकर पूरी तरह सतर्क हैं। सूचना मिलते ही करौली अग्निशमन केंद्र का दल कई घंटों से लगातार आग पर नियंत्रण पाने का प्रयास कर रहा है। आग बुझाने के लिए करौली और बाड़ी से दमकल की गाड़ियों के साथ टैंकरों की मदद ली जा रही है। पानी की कमी के कारण मंडरायल रोड से बार-बार टैंकर भरकर लाए जा रहे हैं।
सू्त्रों ने बताया कि इन चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद राहत एवं बचाव कार्य जारी हैं।फिलहाल, आग को नियंत्रित करने के प्रयासों में तेजी लाई गई है और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित