भरतपुर , अप्रैल 10 -- राजस्थान के सवाईमाधोपुर में रणथंभौर टाइगर रिजर्व के अपनी टेरिटरी से निकल कर 16 साल की बाघिन टी-39 नूर के करीब 11 किलोमीटर दूर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहुंचने से शुक्रवार को हड़कंप मच गया।

टोंक चिरगांव के राष्ट्रीय राजमार्ग 552 पर जैतपुर गांव के पास बाघिन के सड़क पर चहल-कदमी करने की सूचना के बाद वन विभाग की टीम अलर्ट होकर बाघिन के हर मूवमेंट पर नजर रख रही है। बाघिन के मूवमेंट का एक वीडियो भी सामने आया है जिसे हाईवे से गुजर रहे लोगों ने बनाया है।

विभागीय सूत्रों ने बताया कि खुलेआम सड़क पर चहल कदमी के बाद बाघिन जंगल की ओर लौट गयी। बाघिन टी-39 नूर का टेरिटरी एरिया टाइगर रिजर्व का जोन नंबर एक माना जाता है। ऐसे में वन विभाग ने बाघिन की मॉनिटरिंग और ट्रेकिंग शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित