भरतपुर , दिसम्बर 18 -- राजस्थान में सवाई माधोपुर जिले के रणथंभौर बाघ अभयारण्य में गुरुवार को बाघिन रिद्धि और उसके दो शावकों के अचानक ही पर्यटकों के वाहन के पास पहुंचने से पर्यटकों की सांसें अटक गयीं।

वन विभाग के सूत्रों ने बताया कि इस बीच करीब 15 मिनट तक बाघ-बाघिन के गाड़ी के आस-पास घूमते रहने से पर्यटकों की सांसें हलक में अटकी रही, लेकिन थोड़ी देर बाद बाघिन और दोनों शावक जंगल में ओझल हो गए।

इसके बाद बाघिन रिद्धि और उसके दो शावकों के रणथंभौर दुर्ग के गेट, जोगी महल और त्रिनेत्र गणेश मंदिर के रास्ते में नजर आने की जानकारी मिलने पर दुर्ग के द्वार बंद कर दिए गए और पर्यटकों को वाहन से नहीं उतरने की सलाह दी गई। वहीं एहतियात के तौर पर वन विभाग के कर्मचारियों ने रिद्धि पर नजर रखी।

वन विभाग के सूत्रों ने बताया कि जंगल की ओर जा रहे पर्यटक बाघिन रिद्धि और उसके दो शावकों को देखने के लिए रुक गए। इसी दौरान बाघिन और उसके दोनों शावक पर्यटकों की गाड़ी के पास चले गए। रिद्धि के दुर्ग के द्वार पर आने की सूचना पर विभाग के कर्मचारी सक्रिय हो गए और उस पर नजर बनाये रखी।

उल्लेखनीय है कि रणथंभौर में बाघ के हमले में पिछले आठ महीने में तीन मौतें हो चुकी हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित