बागेश्वर , मार्च 11 -- उत्तराखंड के बागेश्वर में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति पर रोक लगाने और युवाओं को नशे से दूर रखने के उद्देश्य से ठेला पाटन क्षेत्र में नशा मुक्ति केंद्र बनाया जाएगा।

शासन ने केंद्र का निर्माण करने के लिए प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है। 497.62 लाख रुपये की लागत वाली इस योजना के प्रथम चरण के लिए शासन ने 199.048 लाख रुपये की धनराशि भी जारी कर दी है।

प्रभारी समाज कल्याण अधिकारी हेम चंद तिवारी ने बुधवार को बताया कि प्रस्तावित नशा मुक्ति केंद्र जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को मजबूती देगा। यहां नशे की लत से प्रभावित लोगों के उपचार, परामर्श एवं पुनर्वास की समुचित व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी।

जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे ने कार्यदायी संस्था को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता के मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए और इसे निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जाए ताकि जनपद के लोगों को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित