बागेश्वर , अप्रैल 18 -- उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने एक पेट्रोल पंप पर अनियमितता के मामले में सख्त रुख अपनाते हुए जुर्माना लगाया और कड़ी चेतावनी जारी की है।

विभाग ने सोशल मीडिया पर मिली शिकायत के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए गरुड़ क्षेत्र के एक पेट्रोल पंप पर जुर्माना लगाया और कड़ी चेतावनी जारी की है।

जानकारी के अनुसार हाल ही में एक सोशल मीडिया के माध्यम से विभाग को कुछ वीडियो क्लिप प्राप्त हुई थी, जिसमें एक पिकअप वाहन में ड्रमों के जरिए पेट्रोल पंप से तेल भरते हुए दिखाया गया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला पूर्ति अधिकारी बबलू पांडे ने तत्काल जांच के निर्देश दिए।

जांच के दौरान पूर्ति निरीक्षक गरुड़ और नायब तहसीलदार ने संयुक्त रूप से भ्रामरी फ्यूल्स, नौघर का औचक निरीक्षण किया। जांच में वीडियो में दिखाई गई अनियमितताओं की पुष्टि हुई।

इसके बाद विभाग ने कार्रवाई करते हुए संबंधित पेट्रोल पंप को नियमों के उल्लंघन और सुरक्षा मानकों की अनदेखी के लिए 10,000 रुपये का अर्थदंड लगाया और भविष्य के लिए सख्त चेतावनी जारी की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित