, Feb. 22 -- पटना, 22 फरवरी भारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी लेनिनवादी (भाकपा-माले) के राज्य सचिव कुणाल ने बागमती नदी पर तटबंध निर्माण पर रोक लगाने की मांग करते हुए रविवार को कहा कि बाढ़ नियंत्रण के नाम पर इसका निर्माण बिहार के लिए विनाशकारी साबित होगा।

श्री कुणाल ने मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट प्रखंड स्थित बेनीबाद में 16 फरवरी से जारी सामूहिक अनशन के दौरान मिडिया में बयान जारी कर कहा है कि जब तक राज्य सरकार की तरफ से गठित रिव्यू कमिटी अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं करती, तब तक तटबंध निर्माण के सभी कार्यों पर तत्काल प्रभाव से रोक दिया जाये ।

भाकपा-माले नेता ने कहा कि तटबंध निर्माण की मौजूदा योजना के तहत सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा और समस्तीपुर के करीब 120 गांव बांध के भीतर आ जाएंगे, इससे सैकड़ों परिवारों का विस्थापन होगा और हजारों एकड़ उपजाऊ खेती की जमीन बर्बाद हो जाएगी। उन्होंने कहा कि यह केवल पर्यावरण और आजीविका का प्रश्न नहीं है, बल्कि सामाजिक न्याय और मानवाधिकार का भी मुद्दा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित