बागपत , अप्रैल 01 -- उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन टीम ने मुख्य गन्ना अधिकारी राजदीप बालियान को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
आरोप है कि अधिकारी ने चीनी मिल गेट से ड्यूटी बदलने के एवज में तौल लिपिक से रकम की मांग की थी। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि ग्राम रसूलपुर सांकलपुट्ठी निवासी विशेष कुमार पिछले चार वर्षों से संविदा पर तौल लिपिक के रूप में कार्यरत हैं और वर्तमान में उनकी तैनाती सरूरपुर कलां स्थित गन्ना क्रय केंद्र 'बी' पर है। उन्होंने आरोप लगाया कि ड्यूटी परिवर्तन के लिए हर माह लकी ड्रॉ की प्रक्रिया होती है, लेकिन मिल गेट जैसी कठिन ड्यूटी से बचाने के लिए उनसे 15 हजार रुपये की मांग की गई।
रिश्वत की मांग से परेशान होकर विशेष कुमार ने एंटी करप्शन मेरठ यूनिट से शिकायत की। इसके बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से बुधवार दोपहर करीब डेढ़ बजे बागपत सहकारी चीनी मिल परिसर स्थित कार्यालय में कार्रवाई करते हुए आरोपी को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।
गौरतलब है कि इससे दो दिन पूर्व खेकड़ा क्षेत्र में एसडीएम के निजी चालक को भी रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया था, जिससे जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित