लखनऊ , दिसंबर 17 -- उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ने बागपत जिले में अंतरराष्ट्रीय योग केंद्र एवं वेलनेस सेंटर स्थापित करने को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई है। पर्यटन विभाग ने इसके लिए इच्छुक बोलीदाताओं से प्रस्ताव आमंत्रित किए हैं।

प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि 'प्राचीन भारतीय योग, साधना और वेलनेस परंपरा को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में उत्तर प्रदेश एक ऐतिहासिक कदम उठाने जा रहा है। बागपत में खुलने जा रहा अंतरराष्ट्रीय योग केंद्र एवं वेलनेस सेंटर न केवल सनातन योग परंपरा की आध्यात्मिक विरासत को सशक्त मंच प्रदान करेगा, बल्कि भारतीय जीवनशैली और समन्वित स्वास्थ्य दर्शन को विश्व पटल पर नई ऊंचाइयों तक ले जाने का माध्यम बनेगा।'पर्यटन विभाग ने बागपत में अंतरराष्ट्रीय योग केंद्र एवं योग वेलनेस सेंटर के लिए निविदा प्रक्रिया शुरू की है। पर्यटन निदेशालय ने सेंटर के डिजाइन, वित्तपोषण, विकास, रखरखाव तथा उससे जुड़ी आध्यात्मिक और वेलनेस सुविधाओं के लिए अनुरोध-प्रस्ताव (आरएफपी) के माध्यम से निविदाएं आमंत्रित की हैं।

इस महत्वाकांक्षी परियोजना को बागपत जिले के ग्राम हरिया खुर्द (पुरा महादेव) में 70.885 हेक्टेयर भूमि पर विकसित किया जाएगा। यह परियोजना पश्चिमी उत्तर प्रदेश को विशिष्ट पहचान देगा। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर के निकट होने के कारण योग-साधना से जुड़े लोगों और कामकाजी पेशेवरों को भी आकर्षित करेगा। साथ ही, सतत पर्यटन को बढ़ावा देते हुए स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित करेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित