बागपत , अप्रैल 06 -- उत्तर प्रदेश के बागपत में कोतवाली पुलिस और एनिमल वेलफेयर एसोसिएशन की टीम ने ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के पास से 170 दुर्लभ प्रजाति के तोते बरामद किए हैं। इस मामले में तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उनके दो साथी टीम को चकमा देकर मौके से फरार हो गए।

यह कार्रवाई दिल्ली सहारनपुर हाइवे पर मवीकला टोल के निकट एक संदिग्ध गाड़ी को रोकने के बाद की गई। गाड़ी की तलाशी के दौरान उसमें सात प्लास्टिक के बक्से मिले, जिनमें तोतों को तस्करी के लिए ले जाया जा रहा था। पुलिस और एनिमल वेलफेयर एसोसिएशन की टीम पूरे मामले की जांच में जुटी है।

एनिमल वेलफेयर ऑफिसर गौरव गुप्ता ने सोमवार को बताया कि उन्हें तोतों की तस्करी के संबंध में सूचना मिली थी। इसके बाद योजना बनाकर उनको पकड़ने के लिए एक जाल बिछाया गया और बागपत पुलिस से संपर्क किया गया। गिरफ्तार किए गए तस्करों की पहचान कन्नौज निवासी खुर्शीद, मोहसिन और राजा के रूप में हुई है। फरार हुए दो साथियों के नाम शमीम और सोहराब बताए गए हैं, जिनकी तलाश जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित