बागपत , जनवरी 14 -- उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में अवैध खनन और ओवरलोडिंग के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी अस्मिता लाल के निर्देश पर खनन विभाग की ओर से विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत बुधवार को सदर तहसील के मवीकलां गांव के पास हाईवे पर व्यापक कार्रवाई की गई।

कार्रवाई के दौरान गाजियाबाद की ओर से आ रहे छह ओवरलोड खनन वाहनों को पकड़ा गया, जो नियमों का उल्लंघन करते हुए पाए गए। जांच में सामने आया कि ये वाहन गाजियाबाद के पट्टाधारक जसवीर सिंह, मैसर्स निर्मल सैंड इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड से संबंधित थे। खनन विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए इन वाहनों पर नियमानुसार भारी जुर्माना आरोपित किया। साथ ही अवैध खनन कार्यों में प्रयुक्त जेसीबी मशीनों पर भी सख्ती दिखाते हुए जुर्माना वसूला गया।

जिला खनन अधिकारी वीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि हाईवे पर चालू वर्ष में मात्र दो सप्ताह में तीन जेसीबी से नौ लाख एवं नौ वाहनों से 4.13 लाख सहित लगभग 13.13 लाख रुपए की वसूली की जा चुकी है। यह न केवल अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने की दिशा में एक मजबूत कदम है बल्कि राजस्व वृद्धि, सड़क सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण को सुदृढ़ करने की दिशा में भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि जनपद से होकर गुजरने वाले अवैध खनन वाहन न केवल सड़कों को क्षतिग्रस्त करते है बल्कि यातायात, सड़क सुरक्षा सहित अन्य पहलुओं को भी प्रभावित करते है। उन्होंने कहा कि जिले में अवैध खनन, ओवरलोडिंग और नियमों की अनदेखी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आगे भी ऐसे विशेष अभियान लगातार जारी रहेंगे ताकि कानून का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जा सके। वही, जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अवैध खनन अथवा ओवरलोडिंग की सूचना मिलने पर तत्काल संबंधित विभाग को सूचित करें। उधर, सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने भी जनपद में विभिन्न प्रवेश स्थानों पर अवैध खनन वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाने को हाइट गेज लगाए है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित