बागपत , अप्रैल 15 -- उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में मलकपुर चीनी मिल के वेस्ट वाटर ट्रीटमेंट प्लांट (ईटीपी) में मंगलवार को अचानक गैस रिसाव होने से एक सुरक्षा गार्ड की मौत हो गयी तथा छह कर्मचारियों को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया जहां एक कर्मचारी की हालत नाजुक होने पर उसे मेरठ रेफर कर दिया गया।

बताया जा रहा है कि मलकपुर चीनी मिल का पेराई सत्र बीते दो अप्रैल को समाप्त हो गया था। इसके बाद अधिकांश कर्मचारी काम खत्म होने के चलते घर चले गए। कल शाम को सिक्योरिटी गार्ड सुरेश शर्मा एटीपी प्लांट के अंदर की लाइट जलाने गये थे, तभी उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया। बताया गया कि गैस का रिसाव यहां पहले से ही हो रहा था। शोर सुनकर दूसरा सुरक्षा गार्ड प्रदीप, लेबर ठेकेदार का बेटा हामिद समेत मौके पर मौजूद सभी कर्मचारी उधर दौड़े, लेकिन वे भी गैस रिसाव की चपेट में आ गए।

गैस रिसाव होने से मिल में चीख-पुकार मच गई। प्लांट के अंदर मौजूद लगभग छह कर्मचारी जिनमें सुरक्षा गार्ड भी शामिल थे, उन सभी को किसी तरह दूसरे कर्मचारियों की मदद से पास के निजी अस्पतालों में पहुंचाया गया।

उपचार के दौरान बड़ौत के मेडिसिटी हॉस्पिटल में सुरक्षा गार्ड सुरेश शर्मा (50) निवासी बड़ौत की मौत हो गई, जबकि एक अन्य कर्मचारी को मेरठ रेफर किया गया। इसके अलावा अस्पताल में दो कर्मचारियों, लेबर ठेकेदार का बेटा हामिद, सिक्योरिटी गार्ड प्रदीप का इलाज चल रहा हैं।

ईटीपी प्लांट में हुए गैस रिसाव के कारण सिक्योरिटी गार्ड की मौत पर मृतक के परिजनों सहित भारी संख्या में लोगों ने सीएचसी पर हंगामा शुरू कर दिया। परिजनों का कहना था कि जब तक कार्रवाई नहीं होती, पोस्टमार्टम के लिए शव को नहीं भेजने दिया जायेगापुलिस अधीक्षक सूरज कुमार रॉय ने पूरी घटना की जानकारी देते हुए बाताया कि रिसाव की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस की टीम पहुंची और सभी को रेस्क्यू किया गया। मामले की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित