जयपुर , जनवरी 24 -- राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागडे ने देश के सभी नागरिकों को राष्ट्रीय मतदाता दिवस (25 जनवरी) पर बधाई और शुभकामनाएं दी है।
इस अवसर पर श्री बागडे ने कहा कि लोकतंत्र में मतदाता ही राष्ट्र का भाग्य विधाता होता है। उन्होंने मतदाता दिवस को मतदान जागरूकता पर्व बताते हुए कहा कि इस दिन हम सभी को यह संकल्प लेना चाहिए कि मतदान से कोई वंचित नहीं रहे। लोकतंत्र को सुदृढ़ करने के लिए शत प्रतिशत मतदान जरूरी है। मतदान दिवस इसी सोच के लिए हमें जागरूक करता है। उन्होंने प्रदेश में सभी पात्र युवाओं से अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वाने, मतदान जागरूकता के लिए वातावरण निर्माण करने का आह्वान किया है।
राज्यपाल ने लोक देवता भगवान देवनारायण जयंती (25 जनवरी) पर भी बधाई और शुभकामनाएं दी और कहा कि गौ रक्षक और असहाय लोगों के कष्ट दूर करने वाले लोक देवता भगवान देवनारायण जन जन के आराध्य हैं। उन्होंने देवनारायण जयंती पर उनके संदेशों पर चलते हुए जीवन से जुड़ी बुराइयों से लड़कर अच्छाइयों के लिए निरंतर कार्य करने का आह्वान किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित