जयपुर , फरवरी 16 -- राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागडे, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, केन्द्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सहित कई नेताओं ने खैरथल-तिजारा जिले में भिवाड़ी के खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में फैक्ट्री में आग लगने से श्रमिकों की मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
श्री बागडे ने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और शोक संतप्त परिजनों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की है। उन्होंने हादसे में घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की।
श्री शर्मा ने कहा कि भिवाड़ी के खुशहेड़ा में फैक्ट्री में आग लगने से हुई जनहानि का समाचार अत्यंत दुखद हैं और जिला प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्य के लिए निर्देशित किया गया हैं। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति एवं घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। श्री देवनानी ने कहा कि भिवाड़ी क्षेत्र में एक फैक्ट्री में आग लगने की हद्रय विदारक घटना अत्यंत दुखद है। उन्होंने दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति गहरी संवदेनाएं व्यक्त की और ईश्वर से उन्हें यह अपार दुख सहने की शक्ति प्रदान करने तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
श्रीमती दिया कुमारी ने कहा कि इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में जनहानि का समाचार अत्यंत दुखद एवं ह्रदयविदारक है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति एवं घायलों को शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की। श्री शेखावत ने कहा कि भिवाड़ी क्षेत्र में फैक्ट्री में हुई अत्यंत त्रासद दुर्घटना से मन विचलित है। उन्होंने शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवदेनाएं व्यक्त की और ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति एवं शोकाकुल परिजनों को इस असहनीय दुख को सहन की शक्ति देने तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ मिलने की प्रार्थना की।
श्री गहलोत ने कहा कि इस हादसे में सात व्यक्तियों की मृत्यु बेहद पीड़़ादायक एवं दुखद है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति एवं घायलों को शीघ्र स्वस्थ करने की प्रार्थना की।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, नेता प्रतिपक्ष टीकराम जूली, राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (रालोपा) के संयोजक एवं नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल सहित कई नेताओं ने इस हादसे पर गहरा दुख जताया और ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति एवं घायलों को शीघ्र स्वस्थ करने की प्रार्थना की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित