उदयपुर , दिसम्बर 20 -- राजस्थान में केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय के तहत पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र, उदयपुर की ओर से लोक कलाओं को समर्पित शिल्पग्राम उत्सव की शुरुआत रविवार शाम को होगी।

राजस्थान के राज्यपाल एवं पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के अध्यक्ष हरिभाऊ किसनराव बागडे नगाड़ा बजाकर उत्सव का उद्घाटन करेंगे। समारोह की अध्यक्षता केन्द्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत करेंगे। समारोह में अतिविशिष्ट आमंत्रित अतिथि के रूप में पंजाब के राज्यपाल एवं प्रशासक चंडीगढ़ गुलाब चंद कटारिया भी शरीक होंगे। समारोह में उदयपुर सांसद डॉ. मन्नालाल रावत, चित्तौड़गढ़ सांसद सी. पी. जोशी, राज्यसभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया, उदयपुर शहर विधायक ताराचंद जैन और उदयपुर ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा भी समारोह में मौजूद रहेंगे।

केंद्र के निदेशक फुरकान खान ने बताया कि समारोह में डॉ. कोमल कोठारी स्मृति लाइफटाइम अचीवमेंट लोक कला पुरस्कार राजकोट (गुजरात) के डॉ. निरंजन वल्लभभाई राज्यगुरु और जयपुर (राजस्थान) के रामनाथ चौधरी को प्रदान किया जाएगा। इस पुरस्कार में प्रत्येक को एक रजत पट्टिका के साथ ही दो लाख 51 हजार रुपए की राशि दी जाती है।

इस दस दिवसीय उत्सव में 22 राज्यों के करीब 900 लोक कलाकार अपनी प्रस्तुतियों में अपने-अपने राज्य की लोक संस्कृति से मेलार्थियों को रू-ब-रू कराएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित