मुरैना , मार्च 03 -- मध्यप्रदेश की मुरैना जिला पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान दो शातिर बाइक चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की तीन बाइक और एक देशी बंदूक व जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार आज सिविल लाइंस थाना पुलिस वाहनों की चेकिंग कर रही थी, उसी दौरान पुलिस को दो संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिए। उन्हें रोक कर जब उनसे पूछताछ की तो उन्होंने पुलिस को बाइक चोरी करने की बात स्वीकारी। उनके बताए गए ठिकाने से पुलिस ने चोरी की गई तीन मोटरसाइकिल बरामद की। साथ ही हाथ से निर्मित एक देशी बंदूक व कुछ जिंदा कारतूस भी उनसे मिले हैं।
गिरफ्तार चोरों के नाम पुलिस ने राजू गुर्जर ग्राम बरुआ (ग्वालियर) ओर रामकिशोर कुशवाह ग्राम मेना बसई मुरैना बताए हैं।पुलिस के अनुसार दोनों चोरों के खिलाफ पूर्व से ही विभिन्न थानों में आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अभी उनसे कड़ी पूछताछ कर अन्य चोरियों का पता लगाने लगी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित