बैतूल , मार्च 31 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के मुलताई थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से बिना नंबर प्लेट की बाइक बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले में चोरी और लूट की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, 30 मार्च को प्रभात गश्त के दौरान नागपुर नाका क्षेत्र में एक संदिग्ध व्यक्ति के चोरी की मोटरसाइकिल बेचने की फिराक में होने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने अमरावती रोड ब्रिज के पास घेराबंदी की। कुछ देर बाद बताए गए हुलिये का व्यक्ति काले-स्लेटी रंग की हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल के साथ आता दिखा, जिसे रोककर पूछताछ की गई।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम गौरव भलावी (30) निवासी बरूड, महाराष्ट्र बताया। वह वाहन के वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका और बाइक पर नंबर प्लेट भी नहीं थी। संदेह के आधार पर पुलिस ने वाहन जब्त कर आरोपी को हिरासत में लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित