रायगढ़ , फरवरी 01 -- छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में रायगढ़ पुलिस ने बाइक चोरी कर फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से उनकी बिक्री करने वाले एक संगठित गिरोह का खुलासा किया है। इस कार्रवाई में गिरोह के मुख्य आरोपी समेत कुल 7 लोगों को गिरफ्तार कर पुलिस ने 25 चोरी की बाइक, एक एप्पल लैपटॉप और एक कलर प्रिंटर जब्त किया है। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत लगभग 16 लाख रुपये बताई जा रही है।

संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए एसएसपी द्वारा सभी थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में थाना पूंजीपथरा एवं साइबर थाना की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए दो चोरी की बाइक के साथ संदिग्ध मुकेश प्रधान, निवासी ग्राम रूडेकेला, को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने बताया कि उक्त बाइक उसने ऑटो डीलर में कार्यरत पुरूषोत्तम प्रधान, निवासी लैलूंगा, से खरीदी थी।

आगे की जांच में सामने आया कि पुरूषोत्तम प्रधान, ऑटो डीलर मैनेजर चंद्र कुमार यादव तथा अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर चोरी की बाइक को फर्जी दस्तावेज तैयार कर बाजार में बेचता था। इस नेटवर्क में पूर्व कंप्यूटर ऑपरेटर अजय पटेल और संजय अगरिया को भी शामिल किया गया था।

मुख्य आरोपी मुकेश चौहान ने पुलिस पूछताछ में स्वीकार किया कि उसने अपने साथी विकेश दास महंत के साथ पूंजीपथरा, तमनार, घरघोड़ा एवं रायगढ़ के विभिन्न बाजार क्षेत्रों से करीब 25 बाइक चोरी की थीं, जिनमें अधिकांश एचएफ डीलक्स मॉडल की हैं। पुलिस ने बताया कि पकड़े जाने के डर से आरोपी फर्जी आरसी एवं दस्तावेज तैयार करने के लिए ऑटो डीलर और लोक सेवा केंद्र का दुरुपयोग करते थे।

आरोपी अजय पटेल चोरी की बाइक के चेचिस नंबर के आधार पर असली वाहन मालिक की जानकारी निकालता था और ऑनलाइन माध्यम से आरसी कार्ड मंगवाकर कंप्यूटर में हेरफेर कर फर्जी आरसी तैयार करता था। इसके बाद ट्रांसफर कार्ड पर फर्जी हस्ताक्षर कर बाइक को बेच दिया जाता था। पुलिस ने अजय पटेल के कब्जे से लैपटॉप, प्रिंटर एवं पीबीसी कार्ड जब्त किए हैं।

पुलिस के अनुसार, बरामद तीन बाइक थाना पूंजीपथरा में दर्ज अपराधों से संबंधित हैं, जबकि शेष वाहनों के वास्तविक मालिकों से संपर्क कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। प्रकरण में संगठित अपराध के तहत बीएनएस की धाराएं एवं फर्जी दस्तावेज तैयार करने से संबंधित धाराएं जोड़ी गई हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित