बहराइच , मार्च 04 -- उत्तर प्रदेश के जनपद बहराइच के नानपारा कोतवाली क्षेत्र में अनियंत्रित बाइक के गड्ढे में गिर जाने से सड़क हादसे में दो युवकों की मृत्यु हो गई। बताया गया दोनों युवक ससुराल से वापस अपने घर लौट रहे थे।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना नानपारा-रूपईडीहा मार्ग पर ड्रीम हाउस बसहरी मोड़ के पास मंगलवार शाम करीब 5:15 बजे हुई। जानकारी के अनुसार दर्शन पुरवा,थाना मटेरा निवासी दीपू यादव (लगभग 25 वर्ष) और कमलेश यादव (लगभग 33 वर्ष) ग्राम रंजीतवा, थाना रूपईडीहा स्थित कमलेश के ससुराल से लौट रहे थे। मोड़ पर बाइक अनियंत्रित होकर खड्ड में जा गिरी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और एम्बुलेंस की सहायता से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नानपारा भेजा गया, जहां डॉ. अमान शहीद ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित